
MADHUBANI:- जयनगर स्टेशन से तीन माह के बच्चे की चोरी, बच्चा ले जाते महिला चोर सीसीटीवी में कैद, जांच में जूटी रेलवे पुलिस
मधुबनी- 07 जुलाई। सीमावर्ती जयनगर रेलवे स्टेशन से शुक्रवार की रात अज्ञात चोर ने एक महिला का 3 महिना के पुत्र की चोरी के वारदात को अंजाम दिया है। घटना की सूचना सुबह पीड़िता व उसके पति के द्वारा जीआरपी एवं आरपीएफ को दिया गया। जीआरपी थाना पुलिस ने घटना को लेकर काफी देर तक सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। जिसमें एक महिला अपने दुपट्टा से ढ़ककर बच्चा को ले जाते देखी गयी। बच्चें का पिता देवधा थाना क्षेत्र के देवधा मध्य पंचायत के वार्ड संख्या-13 निवासी सफिकुल राईन ने बताया कि मैं परिवार का जीवन यापन करने के लिए नेपाल के सिरहा गांव में मजदूरी का काम करता हूं। जहां मैं अपनी दूसरी पत्नी 22 वर्षीय रकिला खातुन के साथ रह रहा था। गुरुवार को मैं अपनी पत्नी रकिला खातुन के साथ सिरहा नेपाल से घर जाने के लिए सड़क मार्ग सवारी से शाम 6 बजे जयनगर रेलवे स्टेशन पहुंचा। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मेरी पत्नी ने झगड़ा के कारण मेरे घर जाने से मना कर दिया। उसने रेलवे स्टेशन पर ही ठहरने की बात कह कर मुझे मेरे घर जाने की बात कही। तथा मैं वहां से देवधा अपने घर चला गया। मेरी दूसरी पत्नी को तीन माह का पुत्र मो. शहजाबुल भी उसके साथ था। मैं लगातार अपनी पत्नी से मोबाइल पर बात कर रहा था। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे एक वृद्ध महिला आयी और मेरी पत्नी को अपना नाम पता बता कर बातों में उलझा दिया। इसी क्रम में मेरी पत्नी का आंख लग गया और रात करीब 2 बजे अज्ञात महिला के द्वारा मेरे तीन महीने के पुत्र की चोरी कर लिया गया। घटना की सूचना तत्काल जीआरपी एवं आरपीएफ को दिया गया। बतादें कि सफिकुल राईन की दूसरी शादी डेढ़ वर्ष पूर्व खिरहर थाना क्षेत्र के जिरौल गांव में रकिला खातुन के साथ हुआ था। जबकि पहली शादी दस वर्ष पूर्व लदनियां थाना क्षेत्र के पद्मा गांव में जुलेखा खातुन से किया था। जिससे एक पुत्र 6 वर्षीय रजाउल,दो पुत्री 4 वर्षीय गुलफसा एवं 3 वर्षीय गुलनाज अपने घर देवधा गांव में रह रही हैं। फिलहाल सफिकुल राईन ने दोनों पत्नी को पद्मा गांव में रखने की बात बताई है। इस संदर्भ में पूछे जाने पर जीआरपी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि अभी तक पीड़ित के द्वारा लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



