
MADHUBANI:- कोरोना गाईड लाईन की धज्जियां उड़ा रहे मुखिया जी, रोक के बावजूद मढ़िया में आमसभा आयोजित
मधुबनी-09 जनवरी। बासोपट्टी प्रखंड के मढ़िया पंचायत में कोरोना गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाते हुए सरकारी रोक के बावजूद आमसभा होने से एकबार फिर पंचायत में मुखिया की लापरवाही सामने आयी है। हालांकि इस आमसभा में पंचायत सेवक व अन्य प्रखंड कर्मी भी शामिल थे। जिससे कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर सरकार प्रयास को विफल साबित करने की कोशिश की गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पंचायत के कामलाबाड़ी गांव स्थित ब्रह्मस्थान के पास सामुदायिक दलान में पंचायत के मुखिया रंजू देवी की अध्यक्षता में आमसभा आयोजित हुई। जिसमें लोगों की काफी भीड़ जुटी एवं किसी ने मास्क तक भी नहीं पहन रखा था।
वहीं सोशल डिस्टेस्टिंग का तो कोई ख्याल ही नहीं रखा गया। गौरतलब है कि मढ़िया पंचायत के मुखिया की दोबारा जीत की खुशी में हथियार लहराते वीडियो वायरल होने एवं इस मामले में केस दर्ज होने की बात अभी पुरानी भी नहीं हुई थी कि एकबार फिर सरकार के द्वारा रोक के बावजूद आमसभा कर कोरोना गाइडलाइंस की धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आना बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। हालांकि इस मामले में पंचायत सेवक पवन सिंह ने कहा कि संतुलित भीड़ के साथ आमसभा की गई है। भीड़-भाड़ नहीं था। बहरहाल कोरोना महामारी पर रोकथाम के लिए सरकार द्वारा 21 जनवरी तक किसी भी प्रकार के आमसभा व इस तरह की गतिविधियों पर पूर्णतया रोक है। इसके बावजूद आमसभा आयोजित हुई। जिससे पंचायत के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी के लापरवाही प्रदर्शित होती है। अब देखना यह है कि इस मामले में संबंधित वरीय पदाधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं। इस बाबत बीडीओ मंजू कुमारी कणकण के सरकारी मोबाइल नम्बर पर फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं किया गया।



