
MADHUBANI: अमही गांव में महिला की पिटाई के बाद मौत, मुखिया पुत्र गिरफ्तार
मधुबनी, 01 मार्च। जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमही गांव में न्याय की गुहार लगाने गई एक 40 वर्षीय महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार और मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीएमसीएच में इलाज के दौरान महिला की मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घोघरडीहा थाना क्षेत्र के अमही गांव वार्ड संख्या-11 निवासी मो. सहासुद्दीन की पत्नी 40 वर्षीय रौशन खातून बीते 25 फरवरी की सुबह करीब नौ बजे अपनी फरियाद लेकर स्थानीय मुखिया कुमारी देवी के दरवाजे पर पहुंची थी। जहां बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। जिसके बाद मुखिया ने अपने परिजनों को बुला लिया। परिजनों ने महिला को दरवाजे पर ही खंभे से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी।
बताया जाता है कि बाद में डायल 112 पुलिस को बुलाकर महिला को थाना भेज दिया गया। घोघरडीहा थाना पर पुलिस ने दोनों पक्षों से बातबीच कर उन्हें छोड़ दिया। इधर, गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घोघरडीहा में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास रेफर कर दिया गया। अनुमंडलीय अस्पताल फुलपरास में भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हे दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेजा गया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों समेत तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिला को खंभे से बांधकर पिटाई किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मुखिया कुमारी देवी के पुत्र मगनू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ईधर फुलपरास एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि इस मामले में घोघरडीहा थाने में कल 28 फरवरी को प्राथमिकता दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी मगनू सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।



