
MADHUBANI:- पंडौल में छठ के मौके पर नहाने गये दो किशोरों की मौत
मधुबनी- 28 अक्टूबर। जिला के पंडौल बाजार में छठ पर्व के मौके पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां छठ घाट पर स्नान करने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दोनों अलग-अलग परिवारों के इकलौते पुत्र थे। इस हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पंडौल बाजार निवासी पंडौल बाजार निवासी बैजनाथ सिंह के नाती अनुषभान (16 वर्ष) और प्रसिद्ध व्यवसाय बालो साह के पौत्र प्रणव (14 वर्ष) के रूप में की गई है। दोनों किशोर दोपहर लगभग तीन बजे से लापता थे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला। अंततः रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शव छठ घाट के पास से बरामद किए गए।
सूचना मिलते ही पंडौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ पर्व की खुशियां मातम में बदल गईं। पूरे पंडौल बाजार और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



