
MADHUBANI: निगरानी ने कलुआही में तकनीकी सहायक को 12 हजार रिश्वत की राशि के साथ गिरफ्तार किया
मधुबनी, 11 फरवरी- बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निगरानी द्वारा कार्रवाई का अभियान जारी है। इसी क्रम में आज मधुबनी जिला के कलुआही में पंचायती राज विभाग में कार्यरत तकनीकी सहायक हरिशंकर प्रसाद को निगरानी विभाग की टीम ने 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई बुधवार को पटना से आई निगरानी की विशेष टीम ने की। प्राप्त जानकारी के अनुसार,एक सप्लायर ने निगरानी विभाग से शिकायत की थी कि उसके द्वारा कार्य पूर्ण किए जाने के बाद फोटो सत्यापन अपलोड करने और भुगतान प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में 12 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। निगरानी डीएसपी पटना नसीम फिरोज ने बताया कि सप्लायर का काम पूरा हो चुका था। नियमानुसार कार्य पूर्ण होने के बाद उसका फोटो सत्यापन पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, जिसके बाद भुगतान की प्रक्रिया शुरू होती है।
इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए तकनीकी सहायक द्वारा 12 हजार रुपये की मांग की गई थी। शिकायत मिलने पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि इस कार्रवाई में नौ सदस्यीय निगरानी टीम शामिल थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अपने साथ पटना ले जाया गया है। निगरानी विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया।



