
MADHUBANI: दिव्यांगजनों के अधिकार की सुरक्षा सर्वोपरि, दुर्व्यवहार की घटनाओं पर चिंता
मधुबनी-24 मार्च। जिले में दिव्यांगजनों के अधिकार, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विथ डिसैबिलिटीज के तत्वावधान में महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला अतिथिगृह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा “कवि जी” एवं राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद ने संयुक्त रूप से की। बैठक में मुख्य रूप से यह मुद्दा उठाया गया कि सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएं निचले स्तर तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रही हैं। कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अधिकारियों का उदासीन रवैया और आपसी समन्वय की कमी बड़ी बाधा बन रही है। इस स्थिति में सुधार के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर कोर्डिनेशन की आवश्यकता पर बल दिया गया। दिव्यांगजनों पर हुए अत्याचार पर विमर्श के अलावा, जिले में दिव्यांगजनों के साथ हो रही अत्याचार और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि जैसे ही उन्हें इन घटनाओं की जानकारी मिली, वे स्वयं संबंधित क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ितों से मिले और वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। बैठक में अरेर की पिंकी कुमारी के साथ मारपीट और घर जलाने,जमुआरी के रामवृक्ष कामत के साथ बेरहमी से मारपीट,लदनियां के पथराही निवासी रामप्रकाश यादव के उत्पीड़न तथा मधुबनी के स्वर्गीय सुरेश कुमार साह को सरकारी सुविधाओं से वंचित किए जाने जैसे मामलों को अत्यंत गंभीर बताया गया। संगठन ने इन सभी घटनाओं की कड़ी निंदा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष को मिथिला परंपरा के अनुसार गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मौके पर अजीत पासवान,राजेन्द्र यादव,फूल अंसारी,श्रवण कुमार ठाकुर,शंभू पूर्वे, अशोक कुमार यादव,नरेंद्र दत्त,मो.रुस्तम,गुड़िया कुमारी,सोनी कुमारी,शैलेश कुमार और अन्य थे। संगठन ने प्रशासन से मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पीड़ितों को तत्काल न्याय और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजनों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। शीध्र निर्णय नहीं हुआ तो इसके लिए राज्य व केंद्र के मंत्रालय में अपनी बात रखी जायेगी।



