
MADHUBANI: रहिका प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी तेज, कई माननीय और रसूखदार भी ले रहें दिलचस्पी
मधुबनी- 08 अप्रैल। मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड प्रमुख पर अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी चल रही है। प्रखंड प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी में एक दर्जन से अधिक पंचायत समिति सदस्यों (पंसस) का गुट वर्तमान प्रमुख को कुर्सी से हटाकर नये प्रमुख की ताजपोशी की रणनीति में सक्रिय है। यह गुट वर्तमान प्रमुख को कुर्सी से उतारकर नये प्रमुख को कुर्सी पर बिठाने की रणनीति में एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। जाहिर है कि कुर्सी बचाने और कुर्सी पाने के लिए पंचायत समिति सदस्य की अलग-अलग जगहों पर बैठकों का दौर चल रहा है। रहिका प्रमुख की कुर्सी की लड़ाई में कई माननीय और रसूखदार भी दिलचस्पी ले रहें है। कुर्सी की लड़ाई को लेकर पंचायत समिति सदस्यों पर भारी दबाव भी देखा जा रहा है।
इधर, पंचायत समिति सदस्यों की लामबंदी के बीच फिलहाल दोनों गुटों के अपने-अपने अलग-अलग दावे हैं। हालांकि पंचायत समिति सदस्यों की माने तो एक गुट को अधिक पंचायत समिति सदस्यों का समर्थन हासिल होने से वर्तमान प्रमुख पर कुर्सी बचाने का खतरा अधिक बढ़ गया है। प्रखंड में पंचायत समिति सदस्यों की कुल संख्या 29 है। इस तरह 15-16 पंचायत समिति सदस्य जिस तरफ होंगे कुर्सी उसी तरफ जाएगी।
बतादें कि एसएलपी संख्या 4.-2168/2025 में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 10.02.2026 में अन्तर्निहित प्रेक्षण के आलोक में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए बैठक में अब कुल निर्वाचित सदस्यों के कम-से-कम दो तिहाई सदस्यों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।अविश्वास प्रस्ताव का फलाफल पंचायत समिति के कुल निर्वाचित सदस्यों की संख्या के आधे से अधिक मत से निर्धारित होगा। अगर बैठक में कम-से-कम दो तिहाई सदस्य उपस्थित नहीं होते हैं अथवा अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में कुल निर्वाचित सदस्यों की संख्या के आधे से अधिक मत प्राप्त नहीं होते हैं, तब दोनों स्थितियों में अविश्वास प्रस्ताव असफल माना जाएगा।



