
MADHUBANI:- महाशिवरात्रि पर ओंकारेश्वर नाथ शिवलिंग की हुई स्थापना
मधुबनी- 15 फरवरी। महाशिवरात्रि पर रहिका प्रखंड के बेलाम नवटोल में बाबा ओंकारेश्वर नाथ शिवलिंग की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्थापना की गई। इस अवसर पर भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार झा, सचिव गोविंद कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी, संजीव कुमार चौधरी, सौरव कुमार, राधे ठाकुर, अमित ठाकुर, नरेश मंडल, दुर्गेश पंडित, शिवा मंडल, विशाल चौधरी, गोनू मंडल, विपिन कुमार झा सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं,शहर के शिवालयों जलाभिषेक के लिए लंबी लाइनें देखी गई। शिवालयों में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।
शिवालयों को आधुनिक लाइटों से सजाया गया और दिन-भर महाश्रृंगार, पूजा-पाठ तथा शिव-पार्वती विवाह के आयोजन किए गए। मौके पर पं. ऋषिनाथ झा ने कहा कि सनातन धर्म में धार्मिक साधना के विभिन्न आयाम हैं। जगत में सत्यम शिवम सुन्दरम की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने के लिए महाशिवरात्रि का बड़ा महत्व है।
महाशिवरात्रि पर रुद्राभिषेक शिव आराधना का महत्वपूर्ण माध्यम है। भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक से जगत का कल्याण होता है। सनातन धर्म में भगवान शिव के रुद्र के साथ-साथ उनके सभी अवतारों का उल्लेख मिलता है। भगवान रुद्र समस्त संसार के पालन-पोषण तथा संहार की शक्ति के स्वामी हैं।



