
MADHUBANI:- ईद आया नजदीक, कपड़े, इत्र, टोपी, चूड़ी, मेहंदी की खुब हो रही खरीदारी
मधुबनी- 12 मार्च। इस्लाम धर्मावलंबियों के सबसे महत्वपूर्ण पर्व ईद की तैयारी जोरों पर चल रही है। इस साल 19 मार्च को चांद देखे जाने की उम्मीद की जा रही है। जिससे 20 मार्च को ईद मनाई जा सकती है। ईद को लेकर शहर के कई मस्जिदों को रंग-बिरंगे झालर से सजाए गए हैं।ईद को लेकर बाजार में चहल-पहल काफी बढ़ गई है। कपड़े, इत्र, टोपी, चूड़ी, मेहंदी, श्रृंगार प्रसाधन, जूते-चप्पल की दुकानों पर जमकर खरीदारी होती रही। ईद पर घर आने वालें मेहमानों के लिए मिठी सेवई व अन्य व्यंजनों की तैयारी चलती रही। ईद को लेकर शहर में टोपी की भारी मांग बनी है। शहर के बड़ा बाजार मस्जिद के निकट टोपी विक्रेता मो. शाबिर ने बताया कि 20 से 200 रुपये तक के टोपी की मांग जोरों पर है। बच्चों के लिए आकर्षक टोपी मंगाए गए है।
वहीं, शहर के ईत्र दुकानों पर तरह-तरह के ईत्र की खुशबू बिखेर रही है। ईत्र दुकानों पर लोग बेहतर किस्म के ईत्र की मांग कर रहे है। ईत्र विक्रेता मो. सलमान ने बताया कि ईद पर ईत्र की खरीदारी निश्चित रूप से की जाती है। मो. सफदर अली ने बताया कि ईद के दिन नमाजी अल्लाह का मेहमान होता है। ईद की नमाज अदा करने से पहले नवाजी को मीठी सेवइयां खाना अनिवार्य होता है। नमाजी को नए कपड़े, टोपी पहन इत्र लगाकर नमाज अदा करना जरूरी होता है। ईद पर लोग मतभेदों को भूलाकर एक-दूसरे से गले मिलते हैं। बता दें कि ईद के नमाज के लिए शहर के विभिन्न ईदगाह व मस्जिदों में अलग-अलग समय का निर्धारण होता है। हवाईपट्टी स्थित बड़ी दरगाह, प्रगतिनगर कालोनी दरगाह, बाटा चौक स्थित मस्जिद, कोतवाली चौक मस्जिद, लहेरियागंज चौक मस्जिद, बड़ी बाजार चौक जामा मस्जिद, मोमिन टोला सहित अन्य मस्जिदों में नमाज के लिए सुबह सात बजे से ही नमाजी जुटेंगे और नमाज अदा की जाएगी।



