
MADHUBANI:- ईजरा निवासी मो. हिरा के गुमशुदा पोता को नगर थाना पुलिस ने सुरक्षित परिजन को सौंपा
मधुबनी- 01 मार्च। मधुबनी शहर के व्यस्त बाजार में खरीदारी के दौरान अपनों से बिछड़े एक मासूम के लिए नगर थाना पुलिस देवदूत बनकर सामने आई। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के कारण गुमशुदा बच्चे को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजन को सौंप दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार रहिका थाना क्षेत्र के इजरा गांव निवासी मो. हिरा के पुत्र मोहम्मद नसीम के मासूम पुत्र मोहम्मद अमन अपने परिजनों के साथ खरीदारी करने नगर थाना क्षेत्र के बाजार में आया था। बाजार में भारी भीड़ होने के कारण बच्चा अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गया और भीड़ में कहीं ओझल हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। घटना की सूचना तुरंत परिजनों द्वारा नगर थाना पुलिस को दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में बच्चे को सकुशल ढूंढ निकाला। बच्चे को सही-सलामत पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने ईजरा मुखिया प्रतिनिधि आकिल हुसैन के समक्ष बच्चे को परिजन को सुरक्षित सौंपा। नगर थानाध्यक्ष ने बच्चों के परिजन से अपील करते हुए कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अभिभावक अपने बच्चों का विशेष ख्याल रखें, यदि ऐसी कोई अप्रिय घटना होती है, तो बिना समय गंवाए नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें, ताकि समय रहते मदद की जा सके। नगर थाना पुलिस की इस मानवीय पहल और सक्रियता की शहर में काफी सराहना हो रही है।



