
MADHUBANI:- फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करेंः एसडीपीओ
मधुबनी- 05 अप्रैल। बेनीपट्टी अनुमंडल के डीएसपी कार्यालय प्रकोष्ठ में रविवार को बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार ने अनुमंडल के सभी थानाध्यक्ष के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की। बैठक में डीएसपी ने सभी एसएचओ को थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश देते हुए समय पर थाना क्षेत्र में गश्त दल को निकलवाने का निर्देश दिया। डीएसपी ने कहा कि,हालिया दिनों में गृहभेदन के मामले अधिक हुए है। इस तरह के मामलों को संगठित असामाजिक तत्व अंजाम दे रहे है। तकनीकी अनुसंधान के जरिए इस तरह के गिरोह का पर्दाफाश करें और इस तरह की सूचना मिलते ही खुद घटनास्थल का जायजा ले। रात्रि में एसएचओ खुद भी क्षेत्र में निकले और रोको टोको अभियान को गति दे।
बैठक के दौरान डीएसपी ने गैस एजेंसी पर भी ध्यान देने को कहा। पीड़ितों से सही ढंग से बात करने का सख्त निर्देश दिया। इस दौरान लंबित कांड के जल्द निष्पादन, फरार आरोपियों के शीघ्र गिरफ्तारी, वारंट का तामीला करने और थाना के अभिलेख को संधारण रखने का निर्देश दिया। बैठक में सर्किल इंस्पेक्टर नीरज वर्मा, बेनीपट्टी एसएचओ सह पुलिस इंस्पेक्टर शिव शरण साह, आनंद शंकर गौरव, राकेश रौशन,हर्ष राज,अविनाश कुमार सहित अन्य थानाध्यक्ष उपस्थित थे।



