
MADHUBANI:- होली की खुशियां मातम में बदलीं, ब्रह्मपुरा में गोली लगने से 30 वर्षीय महिला की मौत
मधुबनी- 04 मार्च। जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुरा गांव में होली के दिन खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गोली लगने से एक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान ब्रह्मपुरा वार्ड संख्या चार निवासी चिंटू यादव की पत्नी रंजना देवी के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोली चलाने वाला युवक मृतका के पति के भाई का पुत्र बताया जा रहा है।
हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली जानबूझकर चलाई गई या दुर्घटनावश चली। पुलिस दोनों पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गोली लगने के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल रंजना देवी को इलाज के लिए घोघरडीहा बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक ले गए, जहां चिकित्सक ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाने को कह दिया। परिजन जब उन्हें दरभंगा ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, वहीं होली का उत्साह पूरी तरह फीका पड़ गया है।



