
MADHUBANI:- सड़क हादसे में मां-बेटी की दर्दनाक मौत
मधुबनी- 11 मार्च। जिले के लौकहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से मृतिका के गांव में मातमी सन्नटा पसर गया है। मिली जानकारी के अनुसार एनएच-104 पर चतुर्भुज पिपराही 16 आरडी नहर चोक के निकट शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की ठोकर से बाइक पर पीछे बैठी मां-बेटी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस घटना में जख्मी युवक का दायां पैर फ्रैक्चर हो गया। खबर पाकर घटना स्थल पर पंहुची लौकहा पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। जबकि घायल युवक 20 वर्षीय दुर्गानंद पंडित को उपचार हेतु खुटौना सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों ने डीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना में मृत की पहचान खुटौना थाना क्षेत्र के जटही चतुर्भुज पिपराही निवासी 35 वर्षीय पुनीता देवी एवं उनकी पुत्री 10 वर्षीय संजिला कुमारी तौर पर हुई है। मिली जानकारी के मुताबिक पुनीता देवी अपनी बेटी संजीला के साथ घर से लौकही इलाज कराने जा रही थी,तभी रास्ते में 16 आरडी नहर चोक के निकट एनएच 104 पर उक्त घटना हुई। पुनीता देवी का पति भगवानदत पंडित दिल्ली में काम करता है। मां-बेटी की मौत से उनके घर में कोहराम मचा हुआ है। घटनास्थल के निकट उस व्यक्त मौजूद लोगों ने बताया कि जिस ट्रैक्टर से यह हादसा पेश आया वह अवैध बालू खनन में इस्तेमाल हो रहा था।
इधर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।



