
MADHUBANI:- सकरी पश्चिम पंचायत में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बोले DM, कहा- समाज सुधार अभियानों से सामाजिक स्तर पर आया परिवर्तन
मधुबनी- 17 अक्टूबर। पंडौल प्रखंड क्षेत्र के सकरी पश्चिम पंचायत में मंगलवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सुषील कुमार सहित कई अधिकारी,जनप्रतिनिधियों के अलावा स्थानीय लोग मौजुद थे। कार्यक्रम में कई विभाग द्वारा स्टॉल लगाया गया था। उन स्टॉलों का जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सुषील कुमार व अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्ण पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ पंडौल प्रखंड क्षेत्र में विकासात्मक और लोक कल्याणकारी योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि आमजन तक सरकार की सभी कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की जानकारी पहुंचाना एवं जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय कायम रखना एवं लोगों से उनके महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना जनसंवाद का असल उद्देश्य है। जिलाधिकारी ने जल संरक्षण पर बल देते हुए लोगों से अपने निजी चापाकलों पर सोख्ता निर्माण,छत वर्षा जल संचयन व्यवस्था स्थापित करने का अपील भी किया। उन्होंने कहा कि समाज सुधार अभियानों के द्वारा सामाजिक स्तर पर भी बहुत परिवर्तन आया है। लड़कियां शिक्षा क्षेत्र में काफी बढ़ी हैं। शराब बंदी,बाल विवाह एवं दहेज प्रथा पर रोक,महिलाओं को आरक्षण इत्यादि ने महिला सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाई है। तथा लिंग भेद में कमी आयी है। भ्रूण हत्या पर रोक लगी है और कन्या के जन्म को प्रोत्साहन मिला है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना ने वृद्धजन,दिव्यांगजन एवं विधवाओं को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान किया है। तथा आर्थिक रूप से सबल बनाया है। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना से लोग स्वच्छतायुक्त सुरक्षित आवास होने से सम्मानपूर्वक जीवन बसर कर रहे हैं। प्रखंड में बारहमासी आवागमन की सुविधा उपलब्ध है। सौर ऊर्जा के उपयोग से गांवों की गलियाँ को रौशन करने का कार्य किया जा रहा है। हर घर नल का जल और घर तक पक्की गली-नालियाँ उपलब्ध करायी गयी है। स्वच्छ गांव,समृद्ध गांव के तहत ई-रिक्शा,पेडल रिक्शा एवं डस्टबिन का क्रय गांव के सभी वार्डों में किया गया है। हर घर से कचड़े का उठाव कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कचड़ा प्रबंधन कार्यक्रम में सभी का सह्ययोग अपेक्षित है। सोख्ता,जंक्शन चैम्बर एवं नाली आउटलेट के माध्यम से जल संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थी उठा रहे हैं। कुशल युवा कार्यक्रम अंतर्गत प्रशिक्षित युवा में कम्प्यूटर,व्यवहार कौशल एवं भाषा कौशल में गुणात्मक वृद्धि आई है। सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना का लाभ उठाकर विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हो रहे हैं। कस्तूरबा गाँधी आवासीय विद्यालयों के संचालन में स्त्री शिक्षा के स्तर में संख्यात्मक एवं गुणात्मक वृद्धि लायी है। सतत जीविकोपार्जन योजना एवं जीविका से परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। वहीं पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने डायल 112,महिला हेल् डेस्क,अपराध नियंत्रण ,साइबर अपराध आदि को लेकर विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधमुक्त एवं नशामुक्त मधुबनी को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह से दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने कहा कि डायल नंबर 112 का जरूर उपयोग करें, यह 24 घंटे की सेवा है। इस सेवा के तहत वर्तमान में औसतन 12 मिनट में मधुबनी पुलिस आपकी सहायता के लिए उपलब्ध हो जाती है। उन्होंने कहा कि जनवरी 2023 से अबतक दो लाख देशी-विदेशी शराब जप्त की गई है। साथ ही 335 कुख्यात अपराधियो की गिरफ्तारी भी की गई है। कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त विशाल राज,सहायक समाहर्ता पार्थ गुप्ता,सदर एसडीओ अश्वनी कुमार,डीपीआरओ परिमल कुमार, ओएसडी अमेत विक्रम बेनामी,जिला कृषि पदाधिकारी,जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला पशुपालन पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी,स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं काफी संख्या में आमजनों ने भाग लिया।



