
MADHUBANI:- संपत्ति के लालच में कलयुगी पुत्र-पतोहू ने की वृद्धा की हत्या
मधुबनी- 14 मार्च। अरेर थाना के ढंगा पूर्वी टोल में रविवार की रात वृद्ध महिला की हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप मृतका के पुत्र, पतोहू, पोता व पोती पर लगा है। पुलिस ने मृतका का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेजकर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतका के पुत्र किशोरी राय,पतोहू घुरनी देवी,पोता सतीश राय व पोती प्रीति को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार स्व.महावीर राय की पत्नी गुलाब देवी को कई वर्षो से बेटा,पतोहू व अन्य आरोपित संपत्ति देने को लेकर मारपीट करते थे। कई दिनों तक खाना पीना भी बंद कर देते थे। जिसके बाद पड़ोसी उक्त वृद्धा को चोरी से भोजन दे देता था। पड़ोसियों ने बताया कि रविवार की सुबह से ही आरोपित वृद्धा के साथ मारपीट कर रहा था। गाली गलौज के भय से कोई मना करने की हिम्मत नहीं कर रहा था। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे तक जब वृद्धा अपने फूस के घर से बाहर नहीं निकली तो लोग देखने के लिए गए तो वृद्धा मृत पाई गई। वृद्धा की हत्या आरोपितों ने गला दबाकर कर दी। हत्या से पूर्व महिला के दोनों पैर को हंसुआ से काट कर जख्म कर दिया गया था।
उधर,महिला के मौत की खबर आम होते ही लोग जुट गए और आरोपितों को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। आक्रोशित ग्रामीणों को मुखिया अवध किशोर झा व सरपंच विनोद झा ने शांत करा पुलिस को सहयोग में जुट गए। अरेर थाना के एसएचओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर ली गयी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को सौंप दिया गया है।



