
MADHUBANI:- राशन में गड़बड़ी करने वाले डिलरों का लाइसेंस होगा रद्द, दीपावली व छठ से पुर्व खाधान्न वितरण का आदेश
मधुबनी- 18 अक्टुबर। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने जिले में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के जिला प्रशासन मधुबनी के संकल्प को दोहराया और प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के शत प्रतिशत और ससमय अनुपालन पर बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में अब तक 02 लाख 08 हजार मिट्रिक टन खाद्यान्न को जिले के कोने कोने में अवस्थित जनवितरण प्रणाली विक्रेताओं तक पंहुचा दिया गया है। उन्होंने आगामी त्योहार को देखते हुए निर्देश दिया कि सभी जनवितरण प्रणाली विक्रेता अगले दो दिनों में खाद्य वितरण की प्रक्रिया को पूर्ण कर लें। जिलाधिकारी ने राशन कार्ड वितरण की समीक्षा करते हुए कहा कि राशन कार्ड निर्गत करने हेतु स्वीकृत आवेदनों की संख्या तथा योग्य लाभुकों को राशन कार्ड निर्गत कर देने की संख्या में अंतर दृष्टिगोचर हो रहा है। उन्होंने उपस्थित सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि इस अंतर को प्राथमिकता के आधार पर समाप्त करें।
डीएम ने उपस्थित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से बारी बारी उनके द्वारा गत माह में किए गए निरीक्षण की जानकारी ली। तथा निरीक्षण कार्य की खानापूर्ति करने वाले प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछे जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को भी जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं की दुकानों का नियमित तौर पर निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंनेकहा की गड़बड़ी करने वाले जन वितरण विक्रेताओं का लाइसेंस रद्द करने हेतु प्रस्ताव दे। उनके द्वारा उक्त विभाग से संबंधित सीडब्ल्यूजेसी,एमजेसी एवं सीपी ग्राम से संबंधित मामलों की समीक्षा भी की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त विशाल राज, जिला आपूर्ति पदाधिकारी वंदना कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी अशोक कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी अजय कुमार भारती,जिला विधि शाखा की प्रभारी पदाधिकारी कुमारी आरती, सदर एसडीओ अश्वनी कुमार,जयनगर एसडीओ बेबी कुमारी, फुलपरास एसडीओ अभिषेक कुमार,झंझारपुर एसडीओ शैलेश कुमार चोधरी, बेनीपट्टी एसडीओ अशोक कुमार मंडल,राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक पंकज कुमार सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व सहायक प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम उपस्थित थे।



