
MADHUBANI:- रानीपुर में शोभा की वस्तु बनकर रह गयी करोड़ों की जल नल योजना
मधुबनी-17 जून। बेनीपट्टी प्रखड क्षेत्र के बसैठ में करोड़ों की लागत से निर्मित जल नल योजना शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है। जगह-जगह पाइप,नल व वाटर पोस्ट टूटा पड़ा है। परंतू, न तो विभाग मरम्मती करा रही है, न ही संवेदक का ध्यान इस ओर जा रहा है। पंचायती राज विभाग के द्वारा लगाया गया जल नल हो या पीएचईडी विभाग का,हर योजना कथित तौर पर लूटखसोट का पर्याय बनकर रह गया है। बसैठ के रानीपुर में दर्जनों जगहों पर अधिष्ठापित वाटर पोस्ट बर्बाद हो गया है। कई जगहों पर पाइप सहित पोस्ट उखड़ा हुआ है। लेकिन, इसे देखने वाला कोई नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि विभागीय अधिकारी को फोन किये जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाता है। रानीपुर के जितेंद्र झा, मोहन झा, श्याम झा, आशीष झा सहित कई लोगों ने बताया कि रानीपुर में जमीन के ऊपर ही पाइप बिछा दिया गया। जो अधिकांश जगहों पर बर्बाद हो गया। गांव में तीन वार्ड है, किसी भी वार्ड में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जबकि, लोग शुद्ध जलापूर्ति केलिए लालायित है। गौरतलब है कि पीएचईडी विभाग के द्वारा करीब तीन वर्ष पूर्व एक करोड़ 83 लाख की लागत से जलमीनार व पाइप लाइन एवं एक करोड़ 50 लाख के लागत से जल नल अधिष्ठापन किया था। जिसका उद्घाटन तत्कालीन पीएचईडी मंत्री सह वर्तमान एमएलए विनोद नारायण झा ने किया था। उद्घाटन के समय विभाग व मंत्री की ओर से कई बातों की जानकारी दी गयी। बताया गया कि अब बसैठ के लोग शुद्ध पेयजल का लाभ ले सकेंगे, लेकिन, उद्घाटन के तीन वर्ष बाद भी लोग शुद्ध पेयजल तो दूर जलापूर्ति का पाइप भी सही से नहीं देख पा रहे है। फलस्वरूप, योजना कही से भी सफल नहीं होती दिख रही है। लोगों में अब धीरे धीरे विभागीय अधिकारी के कार्यशैली के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। जो कभी भी आंदोलन का रुख कर सकता है।



