
MADHUBANI:- रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने चिकित्सक पर की फायरिंग, बाल-बाल बचे, जांच में जुटी पुलिस
मधुबनी- 25 फरवरी। रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इन दिनों बुलंद हैं। अपराधियों में कानून का रत्ती भर भी भय नहीं रह गया है। ताजा मामला रहिका थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव का है। जहां बुधवार की सुबह करीब 11 बजे बाइक सवार अपराधियों ने एक चिकित्सक को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में चिकित्सक बाल-बाल बच गए। परंतु घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिकित्सक परीक्षण पासवान अपने घर के दरवाजे पर बैठकर सामान्य दिनों की तरह अखबार पढ़ रहे थे। तभी अचानक एक बाइक पर सवार होकर आए बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गया। चिकित्सक ने सूझबूझ दिखाते हुए किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए सौराठ की ओर फरार होने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही रहिका थाना पुलिस तुरंत जगतपुर गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पीड़ित चिकित्सक ने बताया कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उन पर हमला क्यों किया गया। उन्होंने कहा, पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि इस हमले के पीछे किसका हाथ है। पुलिस के मुताबिक चिकित्सक परीक्षण पासवान द्वारा आवेदन दिया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर चुकी है। स्थानीय सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक सवार बदमाशों की पहचान हो सके।



