
MADHUBANI:- यौन शोषण के आरोप में कोचिंग संचालक की पिटाई, कोचिंग में तोड़फोड़
मधुबनी- 14 अक्टुबर। जयनगर थाना क्षेत्र में यौन शोषण के मामले में कोचिंग संचालक की पिटाई कर पुलिस के हवाले करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित नाबालिक की नानी जयनगर थाना क्षेत्र के भेलवा टोला वार्ड संख्या-15 निवासी हसीना खातुन पति स्वः मो. इदरीस ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी कांड संख्या-371/22 दर्ज करायी है। दर्ज प्राथमिकी में आरोपी कोचिंग संचालक पर पोस्को एक्ट की धारा भी लगाई गई है। पीड़ित की नानी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि मेरा 14 वर्षीय नाती नाबालिक बचपन से ही मेरे पास रह रहा है। मैं अपने नाती के पठन-पाठन के लिए कमला रोड स्थित जवाहर विद्यालय में नाम लिखा कर कोचिंग हेतु भेलवा टोला स्थित एक कोचिंग संस्थान में पठन-पाठन के लिए उस में रखा। दशहरा पर्व के छूटटी होने पर मेरा नाती घर आया। जब छूटटी अवधि समाप्त हुआ, तो मैं अपने नाती को पुनः कोचिंग में पहुंचाने के लिए ले जा रही थी। इसी क्रम में मेरा नाती कोचिंग संस्थान जाने से आनाकानी करने लगा। जब उससे वजह जानने की कोशिश की, तो मेरे नाती ने कोचिंग संस्थान के संचालक पर उनसे गलत काम करने का गंभीर आरोप लगाया। इस मामले में पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपी शिक्षक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया है।
जबकि दूसरी ओर कोचिंग संस्थान के संचालक ने अपने उपर हुए जानलेवा हमला करने एवं संस्थान में हुए तोड़फोड़ मामलें को लेकर दो सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने इस मामले में थाना कांड संख्या-372/22 दर्ज किया है।
इधर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया है कि दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। तथा नाबालिक युवक को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेजा गया है।



