
MADHUBANI:- मॉनसून से पूर्व हरहाल में नालों की सफाई कराएंः डीएम
मधुबनी- 20 मई। जिला प्रशासन ने जल जमाव की समस्या के समधान को लेकर गंभीरतापूर्वक प्रयास शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने शहरी क्षेत्र में व्याप्त जल जमाव की समस्या के त्वरित समाधान को लेकर नगर निगम के विभिन्न भागों में पुराने कैनालों एवं नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। बारह नंबर गुमटी,फ्लाई ओवर के नीचे से निकलने वाले किंग्स कैनाल,राज कैनाल एवं वॉटसन कैनाल के साथ-साथ बिनोदानंद झा कॉलोनी के प्रवेश द्वार,चभच्छा चोक,गदियानी मुहल्ला,सूड़ी हाई स्कूल के सामने का नाला,स्टेडियम रोड में बन रहे नाले आदि का निरीक्षण किया। तथा संबधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। मौके पर उन्होंने उपस्थित स्थानीय लोगों से भी जल जमाव संबंधी उनकी समस्याएं सुनी और सुझाव भी प्राप्त किया।

जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मॉनसून से पहले हरहाल में जिला मुख्यालय के सभी नालों की जेसीबी मशीन से कचड़ा उड़ाही त्वरित गति से किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां नए संपर्क नाले का निर्माण भी किया जाए।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनहित को देखते हुए नाला उड़ाही का काम सर्वोच्च प्राथमिकता में रखकर तेजी से किया जाए। उन्होंने कहा की जहां भी नाले का अतिक्रमण किया गया है, उसे अतिक्रमणमुक्त कराया जाए। कूड़े का समुचित प्रबंधन को लेकर भी जिलाधिकारी ने कई जरूरी निर्देश भी दिए। उक्त निरीक्षण के क्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्वनी कुमार,नगर निगम आयुक्त राकेश कुमार,उप नगर आयुक्त अरुण कुमार,कार्यपालक अभियंता,वुडको,पंचू पासवान, सहायक अभियंता,पथ प्रमंडल,ग्रामीण कार्य विभाग,नगर निगम के सिटी मैनेजर सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



