
MADHUBANI: महोत्सव में डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘सर्वतंत्र स्वतंत्र : पंडित वाचस्पति मिश्र’ का प्रदर्शन
मधुबनी- 15 मार्च। कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन द्वाराआयोजित दो दिवसीय ‘भामती वाचस्पति महोत्सव 2026’ के शुभारंभ पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘सर्वतंत्र स्वतंत्र : पंडित वाचस्पति मिश्र’ का विशेष प्रदर्शन किया गया। जिले के अंधराठाढ़ी प्रखंड के विष्णुपुरा बेलहा महार ठाढ़ी के प्राथमिक विद्यालय परिसर में महोत्सव में शिम्मर फिल्म्स इंटरनेशन तथा ‘गांव का घर’ बैनर तले निर्मित डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘सर्वतंत्र स्वतंत्र : पंडित वाचस्पति मिश्र’ का निर्देशन युवा फिल्म निर्देशक सुमित सुमन ने किया है। फिल्म में मिथिला के महान दार्शनिक पं. वाचस्पति मिश्र के जीवन, दर्शन और उनके बौद्धिक योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। लोगों ने फिल्म की काफी सराहना की।
फिल्म निर्देशक सुमित सुमन बताया कि यह मिथिला की बौद्धिक और सांस्कृतिक धरोहर को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। पंडित वाचस्पति मिश्र मिथिला की गौरवशाली दार्शनिक परंपरा के प्रतीक हैं। उनके जीवन तथा विचारों से समाज, विशेष रूप से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है। इसी उद्देश्य से डॉक्यूमेंट्री का निर्माण किया गया है। कला एवं संस्कृति पदाधिकारी नीतीश कुमार द्वारा निर्देशक सुमित सुमन को सम्मानित किया गया।



