
MADHUBANI:- बांका में ट्रैक्टर की ठोकर से 5 वर्षीय बच्चे की मौत
मधुबनी/बिहार- 23 फरवरी। बिस्फी के औंसी ओपी क्षेत्र के खैरी बांका गांव में एक ट्रैक्टर की ठोकर से एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक बच्चा खैरी बांका गांव निवासी मोहम्मद वसीम के 5 वर्षीय पुत्र आहिल बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मिट्टी भरकर गांव में ही किसी के यहां गिराने जा रहा था जहां खैरी बांका गांव में जैदी घर के निकट बच्चे को कुचल दिया।
स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर समेत ट्रैक्टर चालक को अपने कब्जे में कर सड़क जाम कर दिया। ट्रैक्टर चालक की पहचान नवटोली गांव निवासी वीरेंदर कुमार पिता स्वर्गीय प्रदीप सह के रूप में की गई है। जीरोमाइल-बिस्फी मुख्य मार्ग खैरी बांका चोक पर गांव के मोहम्मद इमरान,मोहम्मद मक्की,मो सिराज,मोहम्मद हसनैन समेत सैकड़ों की संख्या में लोग प्रदर्शन करने लगे। सड़क जाम की सूचना पाते हैं,अंचलाधिकारी श्रीकांत सिन्हा एवं औंसी ओपीध्यक्ष हरिद्वार शर्मा पुलिस बल के साथ गए।
वहीं घटनास्थल पर प्रमुख पति मदन यादव एवं समाजसेवी आरिफ जिलानी अंबर ने अधिकारियों के साथ सड़क जाम कर रहे लोगों से वार्ता किया। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि मृतक बच्चे को सरकारी मुआवजा मिले एवं ट्रैक्टर चालक पर उचित कार्रवाई हो। प्रशासन के वार्ता बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। तथा पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया।



