
MADHUBANI:- बसुआरी गांव में डायरिया से दस वर्षीय बच्ची की मौत, दर्जन भर आक्रांत
मधुबनी- 11 अप्रैल। घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के बसुआरी गांव वार्ड संख्या-06 में शुक्रवार को सुबह डायरिया से एक 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि दर्जन भर से अधिक लोग डायरिया से आक्रांत है। मृतक बच्ची की पहचान अशोक कुमार सादाय के पुत्री चंदा कुमारी 10 वर्ष बताया जा रहा है। गांव में डायरिया से एक कि मौत व कई की आक्रांत होने की खबर जब स्वास्थ्य विभाग को मिली तो गांव में जाकर कैम्प लगाया गया। कैम्प में मौजूद चिकित्सक ने बताया कि वर्तमान समय में प्रियंका कुमारी, अशोक सदाय, बादल कुमार, मनी देवी, अरहुल देवी, अंशु कुमारी व रूबी देवी, संध्या कुमारी, सरोज कुमार, कृष्ण कुमार सहित दर्जन भर लोगों का इलाज चल रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही मेडिकल टीम को उक्त स्थल पर भेज दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में है। लेकिन अभी तक डायरिया फैलने के कारण पता नही चला है। दूषित पानी या दूषित भोजन की संभावना अधिक है। सभी प्रभावित महादलित परिवार से आते हैं, जिनमें बच्चे व महिलाएं अधिक है। सभी आक्रांत मरीज का कैम्प में इलाज चल रहा है।