
MADHUBANI:- नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म, 2 गिरफ्तार
मधुबनी- 07 सितंबर। हरलाखी थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ सामुहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रात में लड़की मेला देखने गई थी। जहां हरलाखी पंचायत के मो. जीवरील उर्फ सोनू अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उक्त लड़की को जबरन मेला के बगल के एक स्कूल में ले जाकर सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया। उसके बाद सभी युवक फरार हो गये। फिर लड़की किसी तरह घर पहुंची और अपने मां को घटना की जानकारी दी। इस मामले को लेकर लड़की की मां ने थाना में तीन नामजद और दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।
इधर घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपी मो. जीवरील उर्फ सोनू व मो. जफर को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। विदित हो कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व पीड़ित लड़की की बड़ी बहन के साथ भी इसी प्रकार की घटना हुई थी। वही इस संबंध में थानाध्यक्ष अनोज कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।



