
MADHUBANI:- नगर पंचायतों में शांतिपूर्ण चुनाव करना पुलिस की प्राथमिकता: एसपी
मधुबनी- 15 दिसंबर। समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कक्ष में क्राइम मीटिंग एसपी सुशील कुमार के अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मिटिंग को संबोधित करते हुए एसपी सुशील कुमार ने सभी एसडीपीओ एवं थानाध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के विभिन्न नगर पंचायतों में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को चुनाव में व्यवधान करने वाले लोगों को चिन्हित कर उसके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। आसपास के थानाध्यक्षों से समन्वय स्थापित कर चुनाव वाले क्षेत्र में सघन गश्ती व छापेमारी अभियान चलाकर वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानावार प्रतिवेदित केस एवं डिस्पोजल केस की समीक्षा की। कुर्की एवं विभिन्न न्यायालयों से जारी वारंट की भी जानकारी ली। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान एवं कुर्की वारंट के निष्पादन में और तेजी लाने का भी निर्देश दिया। कोर्ट परिवाद को गंभीरता से नहीं लेने वाले पुलिस अफसरों को फटकार लगायी। एसपी श्री कुमार ने बताया कि नगर निकाय चुनाव एवं केस डिस्पोजल के साथ-साथ शराब तस्करों के खिलाफ विशेष कार्रवाई सहित अन्य मुद्दों पर मीटिंग में चर्चा हुई। एसडीपीओ से लेकर थानाध्यक्षों को आपस में समन्वय स्थापित कर शराब धंधेबाजों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उसको गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। बैठक में मुख्यालय एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सहित सभी एसडीपीओ,सर्किल इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष मौजूद थे।



