
MADHUBANI:- थाना मोड़ से कोतवाली चौक वाले मुख्य मार्ग पर बन रहे नाले का कार्य शीघ्र संपन्न किया जाए: DM
मधुबनी- 14 फरवरी। जिला पदाधिकारी अमित कुमार की अध्यक्षता में जिले के सभी विभागों के वरीय पदाधिकारियों की साप्ताहिक बैठक समाहरणालय के सभाकक्ष में आहूत हुई। बताते चलें कि इस बैठक के आयोजन का मकसद आरंभ हुए नए सप्ताह में जिला प्रशासन की गतिविधियों में अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त करने हेतु दिशाबोध प्रदान करना और सरकार की विभिन्न योजनाओं को सुचारू रूप से संचालित किए जाने हेतु समीक्षा करना है। इस दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर समीक्षा की गई, जिनमें जिला नीलाम पत्र शाखा, जिला सामान्य शाखा, जिला विधि शाखा, जिला आपदा प्रबंधन शाखा, जिला लोकायुक्त कोषांग आदि प्रमुख हैं। जिला नीलाम पत्र की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि उन अधिकारियों की सूची उपस्थापित की जाए, जिनके द्वारा विगत एक माह से एक भी मामले का निष्पादन नहीं किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि सिविल सर्जन, मधुबनी के द्वारा जिले के सभी प्राइवेट नर्सिंग होम में उपलब्ध सुविधाओं की जांच कर ससमय प्रतिवेदि किया जाए। इसके अतिरिक्त सात निश्चय योजना, खनन, भवन निर्माण, लोक अदालत, स्वीप आदि से संबंधित मुद्दों पर भी निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने थाना मोड़ से कोतवाली चौक वाले मुख्य मार्ग पर बन रहे नाले में बरती जा रही लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि बरसात के बिना भी इस सड़क पर जल जमाव देखा जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया कि नाले के शेष बचे हुए कार्य को शीघ्र संपन्न किया जाए। निर्माण कार्य के दौरान नाले से पानी को निकालने की जरूरत होने पर उसका निस्तारण सड़क से दूर किया जाए। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, मधुबनी को अतिक्रमण पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने जिले के सभी रेलवे स्टेशनों पर मिथिलाक्षर में भी स्टेशन का नाम अंकित किए जाने संबंधी निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जिले के प्रखंड व अंचल कार्यालयों में कार्य के धीमे निष्पादन पर चिंता जताई गई और बताया गया कि अब दिन में किसी भी समय, जब आवश्यक समझा जायेगा, जिले के सभी प्रखंड व अंचल कार्यालयों के कर्मियों की ऑनलाइन उपस्थिति ली जाएगी। अतः जनहित को देखते हुए सभी कर्मी समय का अनुपालन अवश्य करें।



