
मधुबनी-17 नवंबर। शिक्षक नियोजन के लिए पूर्व के दो चक्रों में जिन नियोजन इकाई में प्रक्रिया में रुकावट हुई या फिर बाधा उत्पन्न हुई,उसके लिए तीसरे चक्र में काउंसिलिग कराये जाने के लिए तिथि की घोषणा कर दी गयी है। निर्धारित तिथि की जानकारी जिले को प्राप्त होते ही शिक्षा विभाग में गतिविधि तेज हो गयी है। वहीं जिला षिक्षा पदाधिकारी नसीम अहमद ने सभी नियोजन इकाई को समय से पूर्व अपनी तैयारी पूरी करने का आदेश दिया है। डीइओ ने बताया कि जिला मुख्यालय पर ही सभी नियोजन इकाई की काउंसिलिंग होगी। इसके लिए स्थान का निर्धारण शीघ्र कर लिया जायेगा। जारी निर्देश के अुनसार नगर निकाय के लिए 14 दिसंबर से 16 दिसंबर तक काउंसिलिग होगी। इसके तहत 14 को कक्षा छह से आठ के लिए सामाजिक विज्ञान, 15 को गणित व विज्ञान और 16 को कक्षा पहली से पांचवी के लिए काउंसिलिंग होगी। प्रखंड नियोजन के लिए 17 को कक्षा छह से आठ के लिए सामाजिक विज्ञान, 18 को गणित व विज्ञान और 20 को कक्षा पहली से पांचवी के लिए काउंसिलिग होगी। वहीं पंचायत नियोजन इकाई की काउंसिलिंग 22 को जिला मुख्यालय पर ही होगी। मालूम हो कि शिक्षक नियोजन वर्ष 2019-20 में शुरू हुई शिक्षक नियोजन प्रक्रिया के तहत प्रथम चक्र की काउसिंलिंग जुलाई में हुई। द्वितीय चक्र की प्रक्रिया अगस्त में पूरी हुई। लेकिन विभिन्न नियोजन इकाई में काउंसिलिंग की प्रक्रिया नहीं पूरी हो सकी है। विवाद,तैयारी नहीं हो पाने व अन्य कारणों से यहां पर काउंसिलिंग को स्थगित करना पड़ा था। इन सभी नियोजन इकाई में काउंसिलिंग इस तीसरे चक्र में पूर्ण होगी।



