
MADHUBANI:- डकैती मामले का उद्भेदन नही होने के खिलाफ प्रदर्शन
मधुबनी- 03 फरवरी। हरलाखी स्थानीय थाना क्षेत्र के उमगांव बासोपट्टी मुख्य मार्ग किनारे मोहनपुर गांव निवासी कपड़ा व्यवसाय संतोष दास के घर हुई भीषण डकैती मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी नही होने को लेकर स्थानीय लोगों ने रोषपूर्ण प्रदर्शन किया तथा पुलिस के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। दरअसल गुरुवार की सुबह गृहस्वामी संतोष दास पटना से इलाज कराकर पांच दिन बाद घर लौटे। इधर पीड़ित परिवार को घर लौटने के बाद लोगों की भीड़ जुट गयी। इसी दौरान घटना की पूरी जानकारी सुन लोगों का गुस्सा फूटने लगा खासकर महिलाओं ने पुलिस की नाकामी पर जमकर आवाज उठाई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि घटना का सात दिन बाद भी अबतक पुलिस एक भी अपराधी को गिरफ्तार नही कर सकी है जिससे पुलिस की कार्यशैली पर कई तरह का सवाल उठ रहे है। थाना क्षेत्र में बार बार आपराधिक घटना हो रही है। तथा पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है,जिससे अपराधियों का हौसला सातवें आसमान पर है। वहीं क्षेत्र के लोगों में दहशत हो गया है। शाम ढलने के बाद से लोग घरों में दुबक जाते है। मालूम हो कि पिछले शुक्रवार की रात अज्ञात अपराधियों ने कपड़ा व्यवसाय के साथ गंभीर रूप से मारपीट कर ढाई लाख रुपये समेत पांच लाख की संपत्ति लूट लिया तथा विरोध करने पर प्राण घातक हमला कर पूरे परिवार को घायल कर दिया गया।
लेकिन थाना से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर करीब एक घंटे तक डकैती की वारदात होती रही और पुलिस को भनक तक नही लग सका। इस बाबत बेनीपट्टी डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि घटना का उद्भेदन जल्द कर लिया जाएगा।



