
MADHUBANI:- चोरी की 3 बाइक व शराब के साथ 3 गिरफ्तार, कुसमौल गांव से चुलाई शराब व उपकरणें बरामद
मधुबनी- 16 मार्च। अरेर थाना पुलिस ने मंगलवार की रात दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर अंग्रेजी व चुलाई देसी शराब के साथ चोरी की तीन बाइक बरामद की है। साथ ही मौके से तीन तस्करों को भी धर दबोचा है। मिली जानकारी के अनुसार अरेर एसएचओ को बलाईंन गांव के समीप से शराब की खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली। जिसके आलोक में अरेर थाना पुलिस बलाईंन गांव पहुंच छापेमारी शुरू कर दी। इसी क्रम में झोझी परौल गांव की ओर से तीन बाइक पर शराब रखकर तस्कर बलाईंन गांव पहुंच गये,जहां सभी को रोककर तलाशी ली गयी तो कुल- 173 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब बरामद होते ही थाना पुलिस ने तीनों आरोपी को गिरफ्तार कर ली। तथा शराब व बाइक को जब्त कर थाने ले आयी। जिसकी छानबीन किये जाने पर तीनों ही बाइक चोरी की निकली।
पकड़े गए आरोपी की पहचान जयनगर थाना के कमलाबाड़ी निवासी राजकुमार यादव, जयनगर थाना क्षेत्र के ही पिपरा टोल निवासी सियाराम यादव एवं लदनिया थाना के चिकनोचवा गांव निवासी महेश यादव के रूप में की गयी। उधर अरेर थाना पुलिस के द्वारा मंगलवार की रात में ही दूसरी छापेमारी कुशमौल गांव में की गयी। जहां से 20 लीटर चुलाई देसी शराब के साथ शराब बनानेवाली उपकरणें भी बरामद की गयी।
पुलिस के आने की भनक मिलते ही तस्कर भाग निकलने में सफल रहे। हालांकि अरेर थाना पुलिस ने तीनों फरार तस्करों को चिन्हित कर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस बाबत बेनीपट्टी डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने प्रेस प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए कहा कि एसपी मधुबनी के निर्देश पर होली पर्व को देखते हुए अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों के द्वारा विशेष छापेमारी अभियान चलायी गयी थी। जिसमें मधवापुर,साहरघाट,खिरहर,औंसी एवं अरेर थाना सहित सभी थानों के द्वारा मंगलवार की रात अभियान चलाकर 10 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। तथा काफी मात्रा में शराब भी जब्त की गयी है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
कुशमौल गांव से फरार हुए चिन्हित किए तस्करों में अरेर थाना के कुशमौल गांव के बउए जी मुखिया,रोमा देवी एवं सविता देवी शामिल है। पकड़े गये सभी तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने की प्रक्रिया की जा रही है। मौके पर अरेर एसएचओ राजकिशोर कुमार एवं एएसआइ हरदयाल सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद थे।



