
MADHUBANI:- चेन पुलिंग के आरोप में 7 रेल यात्री हिरासत में
मधुबनी- 25 जुलाई। जयनगर दरभंगा रेल खंड पर बढ़ रही चेन पुलिंग की घटना को रोक लगाने के उद्देश्य से आरपीएफ के वरीय अधिकारियों के आदेश पर सघन चेकिंग अभियान के दौरान ट्रेन में चेन पुलिंग करने के आरोप में आरपीएफ जवानों ने खजौली एवं राजनगर रेलवे स्टेशन से सात रेल यात्रियों को पकड़ा। रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ पोस्ट प्रभारी रमेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार की रात उदना सूरत से जयनगर को आने वाली ट्रेन नंबर 22564 अन्त्योदय एक्सप्रेस में खजौली एवं राजनगर रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों के द्वारा चेन पुलिंग किया गया। ट्रेन में स्काॅट कर रहे आरपीएफ जवानों के द्वारा चेन पुलिंग करने वाले रेल यात्रियों को धड़ दबोचा गया। प्रभारी ने बताया कि राजनगर रेलवे स्टेशन से तीन रेल यात्रियों में थाना क्षेत्र के राजनगर निवासी संतोष कुमार,भटसीमर निवासी अशोक कुमार चोधरी एवं लक्ष्मीपुर निवासी अमरजीत कुमार शामिल हैं। इसी तरह खजौली रेलवे स्टेशन पर उसी ट्रेन में चेन पुलिंग करते चार रेल यात्रियों को दबोचा गया। पकड़े गए रेल यात्री खजौली थाना क्षेत्र के मनीयरवा गांव निवासी रामजी कामत,सुक्की गांव निवासी विजय कुमार, ठाहर गांव निवासी मुकेश कुमार मंडल व चतरा गांव निवासी विमल कुमार शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।



