
MADHUBANI:- घर के पीछे सुरंग बनाकर नगदी और जेवरात की चोरी
मधुबनी- 05 सितंबर। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बसैठ वार्ड संख्या-04 में बीती रात अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने पीड़ित के घर से लाखों के जेवरात, जमीन का कागजात और 60 हजार रुपये नगद गायब कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार देर रात खाना खाकर मो.इरफान घर के सदस्यों के साथ सो गया। देर रात चोरों ने उसके घर के पीछे सुरंग बनाकर सीधे उसके घर में घुस गया और घर में रखा पेटी-बक्सा और गोदरेज में रखा 60 हजार नगद लेकर घर के पीछे बांसबिट्टी में कीमती सामान निकाल कर पेटी बक्सा को फेंक दिया। सुबह जब स्थानीय लोग शौच करने के लिए निकले तो पेटी बक्सा फेंका देख चैंक गए। लोगों की नजर इरफान के घर की ओर गयी, तब लोगों ने इरफान को आवाज देकर चोरी की जानकारी दी। उधर, चोरी की जानकारी मिलते ही बेनीपट्टी पुलिस मौके पर पहुँच कर छानबीन की। पीड़ित ने बताया कि, चोरों ने डेढ़ लाख का जेवरात, जमीन का कागजात और 60 हजार रुपये गायब कर दिया है। इस संबंध में बेनीपट्टी एसएचओ सह पुलिस निरीक्षक गौतम कुमार ने बताया कि, मामले की जांच की जा रही है।



