
MADHUBANI:- गला दबाकर हत्या, आरोपी व्यक्ति को पकड़ कर लोगों ने की पिटाई, जांच में जूटी पुलिस
मधुबनी- 31 मई। खजौली थाना क्षेत्र के सुक्की गांव में शक्रवार की सुबह 42 वर्षीय छोटकन सदाय की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर पहुंची स्थानीय थाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मधुबनी भेज दिया है। इधर घटना से आक्रोशित मृतक के स्वजन एवं मुशहरी टोल के लोगों ने हत्यारोपी को खोजकर उनकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने बीच बचाव कर उसे भीड़ से निकाल इलाज हेतु स्थानीय पीएचसी पहुंचाया। जहां से बेहतर इलाज हेतु उन्हें सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया गया। घटना के बाद से गांव में घंटो तनाव का माहौल बना रहा। डीएसपी सदर टू मनोज राम के नेतृत्व में स्थानीय थाना सहित राजनगर की थाना पुलिस गांव में कैम्प कर रही थी। घटना को लेकर मृतक के पुत्र जीबछ सदाय के आवेदन पर स्थानीय थाना में हत्या का एक मामला दर्ज किया गया है। जिसमें गांव के रामदेव यादव एवं मनीष यादव को नामजद किया गया है। वहीं मारपीट को लेकर भी हत्यारोपी के बयान पर टोले के अज्ञात दर्जनों लोगों के विरुद्ध थाना में एक मामला दर्ज किया गया है।
स्वजन के अनुसार छोटकन की लाश उनके खुद के गमछे के सहारे उनके अर्द्धनिर्मित घर के पीछे सरिया से शुक्रवार की सुबह झूलती हुई देखी गई। इधर घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं जारी है। कोई इसे हत्या तो कोई आत्महत्या करार दे रहे हैं। कुछ लोग इसे पैसे का लेनदेन का मामला तो कुछ इसे मृतक की पत्नी के साथ आरोपी के अनैतिक संबंध से जोड़जर देख रहे हैं। लोगों के अनुसार मृतक को गांव के रामदेव यादव ने कुछ पैसे कर्ज के तौर पर दिये थे। मृतक सपरिवार बाहर रहते थे। करीब एक सप्ताह पूर्व रामदेव ने चुपके से मृतक की पत्नी को बाहर से गांव ले आया और उन्हें अपने घर छोड़ दिया। दो दिन पूर्व मृतक भी अपने बच्चों के साथ अपने घर सुक्की पहुंचा। शुक्रवार की सुबह उनके मकान की सरिया से उनकी झूलती लाश मिली। इधर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया। कहा कि एक हत्या व मारपीट सहित दो अलग-अलग मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है।