
MADHUBANI:- एसएच-52 पथ पर अचानक धू-धू कर जल गई यात्री बस, सुरक्षित निकाले गए यात्री
मधुबनी- 31 जनवरी। बेनीपट्टी अनुमंडल के मधुबनी-बेनीपट्टी राजकीय पथ-52 पर सोमवार की दोपहर अचानक एक चलती यात्री बस में आग लग गयी। हालांकि, आग के विकराल रूप अख्तियार से पूर्व ही सभी यात्री बस से सुरक्षित उतर गए। जिससे कोई हादसा नहीं हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार मधुबनी से यात्री लेकर शकील ट्रेवल्स नाम की बस बेनीपट्टी की ओर आ रही थी। अरेर थाना के पौना मोड़ पहुँचते ही बस इंजन के नीचे से धुआं निकलने लगा। बस के नीचे से धुंआ निकलते ही यात्री हल्ला करने लगे। बस चालक ने सजगता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे खड़ा कर यात्रियों से उतरने को कहा।
बस के रुकते ही सभी यात्री अपने बाल बच्चों के साथ जान बचाने के लिए बस से उतर गए। इस दौरान बस में अफरातफरी से कई लोगों को मामूली चोटें भी आई है। सभी यात्री को सुरक्षित उतार लेने के बाद बस चालक व अन्य कर्मियों ने राहत की सांस ली।
उधर,बस में आग की सूचना पर तुरंत दमकल पहुँचकर आग पर काबू पाया। हालांकि,बस आग में पूरी तरह से बर्बाद हो गया। अरेर थाना के एसएचओ राजकिशोर कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया बस में शॉट सर्किट से आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित निकल गए थे।



