
MADHUBANI:- अपराध की योजना बनाते पिस्टल के साथ चार गिरफ्तार
मधुबनी- 03 मई। नगर थाना पुलिस ने अपराध की योजना बनाते चार लोगों को जगतपुर पेट्रोल पंप के पास एक कलमबाग से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास एक लोडेड पिस्टल एवं चार मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वहीं दो बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
नगर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सोमवार देर शाम जगतपुर पेट्रोल पंप के निकट एक कलमबाग से रहिका के मिठौली निवासी अमित कुमार,आरके कॉलेज गेट निवासी दीपू कुमार,नारियल बाजार निवासी आकाश कुमार एवं बाबू साहब चौक निवासी अमन राज को गिरफ्तार किया गया है। एक लोडेड पिस्टल एवं चार मोटरसाइकिल जप्त की गई है। वहीं सप्ता के रवि कश्यप मिश्रा एवं जगतपुर के प्रवेश चौधरी पुलिस को देखते ही वहां से भाग निकले। सभी लोग आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए कलमबाग में जुटे थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि इससे पूर्व सभी लोग शहर के मीना बाजार स्थित बगीचा में जुटे थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई की भनक लगने के बाद वे लोग जगतपुर निकल गए। बाद में रहिका पुलिस की मदद से कलमबाग की घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अमन राज एवं रवि कश्यप का अपराधिक इतिहास है, दोनों पहले भी जेल जा चुके हैं। जब्त मोटरसाइकिल के कागजात का सत्यापन किया जा रहा है। फरार दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।



