
MADHUBANI:- हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन
मधुबनी-12 फरवरी। समाहरणालय के सामने हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पीड़िता रीता देवी के साथ सैकडों ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। जिससे समाहरणालय के सामने की मुख्य सड़क का आवागमन कुछ देर के लिए ठप हो गया!मौके पर नगर-थाना की पुलिस मौजूद दिखी। प्रदर्शनकारी द्वारा अपनी मांगो के लिए एसपी से वार्ता करने की मांग की जा रही थी। प्रदर्शनकारियों द्वारा नगर थानाध्यक्ष द्वारा एसपी से वार्ता कराए जाने के आश्वासन पर सड़क जाम एवं विरोध-प्रदर्शन समाप्त किया गया। मामला बाबूबरही थाना के अन्तर्गत भूपट्टी गाँव का है। इस संबंध मे बाबूबरही थाना अन्तर्गत बरुआर गाँव निवासी पीड़िता मृतक कृष्णदेव सहनी की पत्नी रीता देवी ने अपर समाहर्ता को आवेदन देकर इंसाफ की मांग की है। आवेदन मे रीता देवी ने लिखा है की मेरे पति कृष्णदेव सहनी भूपट्टी निवासी अपने जीजा दिलचंद सहनी के यहाँ रहकर मछली पालन का व्यवसाय कर रहा था।
पिछले 5 जनवरी को रात मे मेरे पति कोसी नहर के बगल मे हैचरी की रखवाली कर रहा था की चार चक्का गाड़ी से मेरे द्वारा दर्ज प्राथमिकी के नामजद अभियुक्त द्वारा मेरे पति का अपहरण कर लिया गया। पति के खोज-खबर करने के बाद पता नही चलने पर बाबूबरही थाना मे सनहा दर्ज कराई थी। अपहरण के चार दिन बाद हेचरी से मेरे पति की लाश बरामद की गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी पीड़िता रीता देवी ने हत्या के आरोपियो पर दबंग एवं राजनीतिक पहुंच का आरोप लगाते हूए हत्यारे की गिरफ्तारी एवं पोस्टमार्टम की रिपोर्ट की निष्पक्ष तरीके से जांच की मांग की है।



