
MADHUBANI:- रिश्वत मामले में लदनियां के जनसेवक अरुण झा होंगे निलंबित, डीएम ने दिया निर्देष
मधुबनी- 02 मार्च। जिलाधिकारी अमित कुमार ने लदनियां प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित जनसेवक अरुण कुमार झा को रिश्वत लेने के आरोप में बीडीओ के प्रतिवेदन के आलोक में निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दिया है। उक्त आशय का आदेश स्थापना उप समाहर्त्ता को पत्र भेजकर दिया है। जिलाधिकारी ने 02 मार्च 22 को स्थापना उप समाहर्ता के नाम भेजे निर्देशित पत्र में कहा है कि बीडीओ लदनियां अखिलेश्वर कुमार ने अपने कार्यालय पत्रांक-1093 दिनांक-24 नवंबर 2021 में प्रतिवेदित किया है कि कार्यपालक सहायक विकास कुमार एवं जनसेवक अरुण कुमार झा प्रखंड लदनियां द्वारा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत करने के एवज में लाभुकों से राशि वसूलने से सम्बंधित एक वायरल वीडियो हुआ।
बीडीओ ने उक्त आलोक में दोनों से पत्रांक-957 दिनांक-10 अगस्त 2021 को स्पष्टीकरण मांग की गई। जनसेवक झा के स्पष्टीकरण का जवाब स्वीकार योग्य नहीं है। श्री झा का संव्यवहार सरकारी सेवक एवं सरकारी सेवा नियमावली के प्रतिकूल है। उनके द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की अनुशंसा की गई है। जनसेवक अरुण कुमार झा के विरुद्ध निलंबन करने का प्रस्ताव शीघ्र भेजने एवं आरोप प्रपत्र-क-गठित कर विभागीय कार्यवाही करने की निर्देश दिया है।



