
MADHUBANI:- राशन दुकानों का नियमित जांच करेंः डीएम
मधुबनी- 25 मार्च। जिलाधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अनुमंडल पदाधिकारी व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नियमित रूप से अपने क्षेत्र अंतर्गत सभी जन वितरण प्रणाली की दुकानों की जांच करें। उन्होंने निर्देश दिया कि इस दौरान इस बात की पड़ताल करें कि जन वितरण प्रणाली के विक्रेताओं द्वारा नियमानुकूल रूप से खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है अथवा नहीं! इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि कुछ अपात्र लाभुकों के द्वारा भी खाद्यान्न उठाव किया जा रहा है। उन्होंने इन शिकायतों की जांच कर प्रतिवेदित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडलों के स्तर पर राशन कार्ड के आवेदनों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए इसे जल्द से जल्द निष्पादित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को लगातार छापेमारी करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सभी जन वितरण प्रणाली की दुकानों पर सही माप तौल की जांच अवश्य करें। बैठक में उप विकास आयुक्त विशाल राज,जिला आपूर्ति पदाधिकारी वंदना कुमारी,सदर अनुमंडल पदाधिकारी अश्वनी कुमार,जयनगर अनुमंडल पदाधिकारी बेबी कुमारी, झंझारपुर अनुमंडल पदाधिकारी शैलेश कुमार चोधरी,बेनीपट्टी अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार मंडल,फुलपरास अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक पंकज कुमार श्रीवास्तव सहित जिले के सभी प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मौजुद थे।



