
MADHUBANI:- बिस्फी में तेज रफ्तार कार नहर में गिरी, पति-पत्नी सहित 3 की मौत
मधुबनी- 22 नवंबर। बिहार के मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के ककोरवा चोक से पूर्व मढ़िया चोक के समीप सोमवार की देर रात्रि नहर में कार पलटने से पति-पत्नी सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात्रि तेज रफ्तार से जा रही एक कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। वाहन में एक महिला सहित दो व्यक्ति सवार थे। घटनास्थल पर ही तीनों की मौत हो गई। घटना उस वक्त हुई जब पति राजा यादव अपने ससुराल भोजपंडोल गांव से अपने पत्नी को कार से बिस्फी डीहटोल लेकर जा रहा था, इसी दौरान मढ़िया गांव के नजदीक वाहन तेज रफ्तार रहने के कारण नहर में जा गिरी। इस घटना में वाहन पर सवार पति-पत्नी एवं चालक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर भीड़ जुटने लगी। इसकी सूचना तत्काल लोगों ने बिस्फी थाना को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजकुमार राय दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी लिया। तथा नहर में गिरे वाहन को जेसीबी से निकाला। तथा वाहन में बैठे तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मधुबनी भेज दिया। मृतक में बिस्फी डीहटोल निवासी 25 वर्षीय राज कुमार यादव उर्फ राजा यादव, उनकी पत्नी 22 वर्षीय रूबी कुमारी एवं बिस्फी पंचायत के मोतनाजय निवासी 27 वर्षीय विकास कुमार यादव शामिल हैं। तीनों मृतक एक ही गांव के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में गम की लहर दौर गयी।



