मधुबनी- 11 जून। एक सप्ताह पहले क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद को लेकर गोली चला कर दहशत फैलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किया है। घटना के संबंध में सकरी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि एक जून को सकरी थाना क्षेत्र के मोकरर्मपुर स्थित एक मैदान में कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान दो गुटों में मामूली मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों गुटों को स्थानीय लोगों के द्वारा समझा बुझाकर मामला शांत कर दिया गया था। तथा नो जून को दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति के बाद बैठक की गई। जबकि बुधवार को एक पक्ष जब पेट्रोल लेने के लिए बाजार गया। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से पुन: कहा सुनी हुई। जिसके बाद बुधवार को दिन के तीन बजे के करीब बाइक सवार करीब आधा दर्जन अज्ञात युवकों के द्वारा मो इरफान के आवास पर हथियार लहराते हुए पहुंचे। तथा हवाई फायरिंग करते हुए कई राउंड गोली चलायी जिसकी आवाज कई लोगों ने सुनी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद सकरी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान चलाए गए गोली के तीन खोखे बरामद किये है। इस संबंध में शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक एफआईआर की प्रक्रिया चल रही है। जबकि घटना को लेकर गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है
