
MADHUBANI:- जिला पार्षदों को मिली वर्ष-2023-24 के वार्षिक योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी
मधुबनी- 27 दिसंबर। जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए के सभागार में जिला पंचायत विकास योजना से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ संयुक्त तौर पर अपर समाहर्ता नरेश झा,जिला परिषद के उपाध्यक्ष संजय यादव,जिला पंचायती राज पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहायक निदेशक आशीष प्रकाश अमन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बताते चलें कि जिला पंचायत विकास योजना (डीपीडीपी) से संबंधित इस कार्यशाला में वित्तीय वर्ष-2023/24 के अंतर्गत पंचायतों की वार्षिक कार्य योजना से संबंधित सभी जानकारियां साझा की गई। जिससे आगामी वर्ष में जिले में विकास योजनाओं के सफल क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त किया जा सके। इस दौरान ग्यारहवीं अनुसूची में शामिल कुल 29 विषयों पर आधारित विभिन्न योजनाओं की व्याख्यापित जानकारी प्रदान की गई।
मौके पर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी,लखनौर,रूपेश कुमार राय,प्रखंड परियोजना प्रबंधक,जिला पंचायत संसाधन केंद्र,विकास कुमार मिश्रा एवं कमलेश कुमार प्रशिक्षक के रूप में मौजूद थे। बतादें कि आयोजित कार्यशाला में जिले के सभी जिला परिषद सदस्यों द्वारा उत्साहपूर्वक भाग लिया गया।



