
MADHUBANI:- छह हजार लाभुकों को नहीं मिली शौचालय की राशि
मधुबनी-07 दिसंबर। शहर में शौचालय निर्माण के लिए लगभग तीन हजार लाभुकों को प्रथम किस्त एवं लगभग छह हजार लाभुकों को दूसरी किस्त की राशि नहीं मिली है। लगभग तीन सालों से अर्नगल कारण बताकर योजना बंद है। उच्चाधिकारी को निगम प्रशासन के द्वारा भेजे गये कारणों की जानकारी मिलने पर बबाल मचा हुआ है। कारण में बताया गया है कि कंप्यूटर में आयी खराबी के कारण योजना बंद है। इससे सब हैरत में हैं।
इधर मामले में जिला विकास शाखा के प्रभारी पदाधिकारी ने शौचालय को लेकर हुए कार्यो की पूरी जानकारी मांगी है। उन्होंने नगर आयुक्त को पत्र भेजकर वार्ड पार्षद प्रभावती देवी द्वारा दिये गये आवेदन के आलोक में प्रतिवेदन देने को कहा है। आवेदन में बताया गया है कि शौचालय निर्माण के लिए दी जाने वाली अनुदान की राशि तीन सालों से नहीं दी जा रही है। जिससे लाभुक परेशान हैं। तथा विभाग लगातार मुख्यालय एवं उच्चाधिकारी को फर्जी आंकड़ा और भ्रामक रिपोर्ट दे रहा है। इस आंकड़े पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। मालूम हो कि प्रभावती देवी ने शौचालय निर्माण के लिए राशि नहीं दिये जाने की शिकायत की।
इसके प्रतिउत्तर में निगम प्रशासन के द्वारा बताया गया कि एसबीएम के तहत शौचालय निर्माण के लिए दिये जाने वाला अनुदान कंप्यूटर में आयी खराबी और विभागीय स्तर से पीएफएफएस भुगतान नहीं हो पाने के कारण बंद है। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया है कि यह भ्रामक जानकारी है। क्योंकि पहले आइसीआईसीआई से स्वच्छ भारत मिशन के तहत लाभुकों को भुगतान किया जाता था। लेकिन 2019 में ही विभाग के द्वार राज्य स्तर पर इस खाता को बंद कर दिया गया और बैंक ऑफ बडौदा में खाता खोला गया। पूरे राज्य के हर निकाय में इस बैंक में खाता खुला। मधुबनी में खुले खाता में लगभग 75 लाख रुपये है। इसके बाद भी लाभुकों को राशि नहीं दी जा रही है। जिन लाभुकों को प्रथम किस्त मिली उन्हें भी दूसरी किस्त नहीं दी जा रही है।



