
MADHUBANI:- चोरी की वारदात को अंजाम देने आए चोरों को ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस को सौपा
मधुबनी- 16 जनवरी। हरलाखी थाना क्षेत्र के पिपरौन गांव में चोरी की वारदात को अंजाम देने आए दो चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। फिर रात भर बंधक बनाने के बाद सोमवार की सुबह दोनों चोर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना रविवार रात की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पिपरौन गांव के कुशवाहा चौक के समीप तीन की संख्या में स्थानीय चोरों ने फेकन साह की कपड़ा दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी केमरा को खोल कर दुकान तोड़ने का प्रयास किया। उसके बाद बगल के प्रमोद साह के किराना दुकान की ताला तोड़ने का भी अथक प्रयास किया गया। जब इन दोनों दुकानों का ताला नहीं टूटा तो फिर चोरों ने राम सागर महतो के मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर हजारों रुपये का मोबाइल व नगद रुपये समेत अन्य पार्ट्स की चोरी कर ली। उसके बाद जय कुमार महतो के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर मकान बनाने के लिए रखे गए लोहे का सरियां का बंडल लेकर चोर भाग रहे थे। जिसकी आवाज सुनकर ग्रामीण जग गए फिर ग्रामीणों ने खदेड़ कर दो चोरों को पकड़ कर बंधक बना दिया। वही दोनों चोर की पहचान पिपरौन गांव के ही अविनाश कुमार महतो व शुभेन्द्र कुमार सिंह उर्फ राजू के रूप में किया गया है। इस मामले को लेकर राजू कुमार महतो के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज किया गया है। इस बाबत प्रभारी थानाध्यक्ष उपेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों चोर को जेल भेज दिया गया है।



