
MADHUBANI:- करोड़ो की लागत से नवनिर्मित मिथिला चित्रकला संस्थान एवं जयनगर में ITI भवन का सीएम करेंगे 5 को उद्घाटन
मधुबनी-04 मई। ईद एवं अक्षय तृतीया के समापन के साथ ही मधुबनी जिले के लिए एक साथ आज कई खुशखबरी आयी है। जिलाधिकारी सह निर्देशक मिथिला चित्रकला संस्थान अमित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कल 5 मई को पूर्वाहन 11.30 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा वर्चुअल माध्यम से जिले मे करोड़ो की लागत से नवनिर्मित मिथिला चित्रकला संस्थान,मिथिला ललित संग्रहालय सहित आईटीआई भवन जयनगर,महिला आईटीआई भवन का उद्घाटन किया जाएगा।
इसको लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। कार्यक्रम हेतु मिथिला चित्र कला संस्थान,सौराठ के ऑडिटोरियम को चिंहित किया गया है। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण आदि उपस्थित रहेंगे। उक्त कार्यक्रम के सफलतापूर्वक आयोजन को लेकर सभी संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए गये है। जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र की हस्तकला की महान परंपरा को सिंचित एवं संवर्धित करने के उद्देश्य से मिथिला चित्रकला संस्थान और मिथिला के उल्लेखनीय इतिहास से लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से मिथिला ललित संग्रहालय की स्थापना एक मील का पत्थर साबित होगी। इससे मधुबनी की सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव को काफी बल मिलेगा। वहीं आटीआई भवनों के निर्माण से जिले में तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति होगी।



