
मधुबनी में पेट्रोल पर आफत, पंपों पर लटका ताला
मधुबनी- 30 मार्च। सोमवार को मधुबनी शहर के अधिकांश पेट्रोल पंप बंद होने से खासकर बाइक चालकों में निराशा देखी गई। मधुबनी शहर के सूडी स्कूल पेट्रोल पंप, रेलवे गुमती व सप्ता स्थित पेट्रोल पंप पर दिनभर बाइक पहुंचते रहे, लेकिन पेट्रोल पंप पर ताला लटकता देख बाइक चालको को निराशा हाथ लगी। कई बाइक में नाम मात्र पेट्रोल होने के चलते बाइक मालिक को आगे की यात्रा मुश्किल होने लगा। एक बाइक चालक शंकर यादव ने बताया कि पता नहीं था कि पेट्रोल पंप बंद होगा तो दो दिन पहले ही पेट्रोल की खरीदारी कर लेते। अब तो घर पहुंचना भी मुश्किल हो गया।
वहीं, शहर के रोहित कुमार ने बताया कि पेट्रोल पंप अचानक बंद होने से बाइक से आवाजही अब मुश्किल होगा। एक-दो दिन अगर यही हाल रहा, तो शहर के अधिकांश लोगों का बाइक शोभा की वस्तु बनकर रह जाएगा। इधर, शहर के तीनों पेट्रोल पंप पर ताला लटके रहने के चलते खासकर बाइक मालिकों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिकांश बाइक मलिक के सिर पर चिंता की लकीर दिखने लगी है।
वहीं, आम आदमी पार्टी के विधानसभा पूर्व प्रत्याशी गौरीशंकर यादव ने कहा कि केंद्र सरकार दावा कर रही है कि देश मेंपेट्रोल-डीजल की किल्लत नहीं है। लेकिन सच्चाई यह है कि मधुबनी शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर सोमवार को ताला लटक गया। उन्होंने कहा कि जिलेभर में चौक-चौराहों पर खुलेआम पेट्रोल की बिक्री हो रही है। जिससे सवाल है कि पेट्रोल पंप बंद होने के बाद चौक चौराहों पर खुलेआम पेट्रोल की कैसे हो रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कालाजारियों को चिन्हित कर समुचित कार्रवाई किया जाना चाहिए। पेट्रोल की कालाबाजारी पर रोक लगाने में शासन-प्रशासन उदासीन बना है।



