
MADHUBANI:- उत्पाद विभाग की छापेमारी में शराब बरामद, 12 गिरफ्तार
मधुबनी- 20 फरवरी। जिले में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि उत्पाद विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर जिले के 82 अलग-अलग स्थानों पर सघन छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में शराब बरामदगी के साथ 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद अधीक्षक के अनुसार, इस विशेष अभियान के दौरान कुल 140 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई है। साथ ही, तस्करी में प्रयोग होने वाले एक वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार किए गए 12 अभियुक्तों में चार शराब तस्कर और आठ शराब का सेवन करने वाले व्यक्ति शामिल हैं। शराब माफियाओं के खिलाफ इस बार अत्याधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। लखनौर थाना क्षेत्र के कच्छवी और बथनाहा इलाकों में ड्रोन टीम ने आसमान से निगरानी कर अवैध शराब भट्ठियों का पता लगाया। ड्रोन से लोकेशन ट्रेस होने के बाद टीम ने छापेमारी कर 530 किलो ग्राम अर्धनिर्मित शराब को जब्त किया। शराब तैयार होकर बाजार में पहुँचने से पहले ही उसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने स्पष्ट किया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कागजी और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को सभी 12 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से छापेमारी अभियान और भी तेज किया जाएगा।



