
Kolkata: ईडी के हत्थे चढ़ा सोना तस्करी मामले में आरोपित संजय अग्रवाल
कोलकाता-30 नवंबर। टैक्स चोरी करके करोड़ों का सोना तस्करी मामले में आरोपित व कोलकाता के भगोड़े कारोबारी संजय अग्रवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दबोच लिया है। मंगलवार को ईडी ने एक बयान जारी करके बताया है कि कारोबारी संजय अग्रवाल को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। कथित तौर पर वह सीमा शुल्क से बचकर विदेशों से करोड़ों रुपये का सोना लेकर आया था। उसके खिलाफ जांच के बाद ईडी ने कोलकाता में उसके घर की तलाशी ली थी। वह लंबे समय से फरार था। उसकी कई जगहों पर तलाशी की जा रही थी। फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसने बैंक से कर्ज भी लिया था।
बताया गया है कि उसकी कंपनी का नाम महालक्ष्मी कॉर्पोरेशन है। इस महीने ही ईडी ने बैंक ऋण चुकाए बिना वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में महालक्ष्मी निगम की 42.38 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया था। कंपनी पर 164 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने का आरोप है। व्यवसायी पर 2017 में सीबीआई ने केस दर्ज किया। इसी आधार पर ईडी ने भी केस दर्ज किया था।



