विश्व

खामेनेई का उत्तराधिकारी भी मारा जाएगा: ट्रंप

तेहरान/वाशिंगटन/तेल अवीव- 05 मार्च। ईरान पर अमेरिका-इजराइल के संयुक्त सैन्य अभियान के तहत किए गए आक्रमण में अब तक मिली सफलता की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अब ईरान के अगले नेता की भी मौत हो सकती है। इस बीच इजराइल ने ईरान के एक बड़े नौसेना के ठिकाने पर विस्फोट किया है। ईरान ने अमेरिका को धमकी दी है कि श्रीलंका में युद्धपोत पर किए गए हमले का माकूल जवाब दिया जाएगा। इस बीच ईरान के बंदर अब्बास में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नेवल बेस के पास जोरदार धमाके हुए हैं।

ईरान इंटरनेशनल समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इशारा किया कि ईरान के साथ लड़ाई बढ़ने पर अली खामेनेई के होने वाले वारिस मारे जाएंगे। उधर, इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने कहा कि उसने ईरान में एक महत्वपूर्ण मिलिट्री कंपाउंड के खिलाफ एक बड़ा ऑपरेशन पूरा किया है। आईडीएफ ने इस कंपाउंड में स्थित ईरान के सैन्य सुरक्षा के कई महत्वपूर्ण मुख्यालयों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा बंदर अब्बास में आईआरजीसी नेवल बेस के पास जोरदार धमाकों की खबर है। यह धमाके इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के फर्स्ट नेवल जोन में बंदर-ए-बहोनार के पास हुए हैं। यह स्ट्रेटेजिक होर्मुज स्ट्रेट के सबसे पास की यूनिट है।

इस पर ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स नेवी के एक अनजान कमांडर ने धमकी दी है। इस कमांडर ने कहा कि ईरान अब अमेरिका और ब्रिटिश जहाजों और फारस की खाड़ी में इजराइल के लिए माल ले जाने वाले हर जहाज को निशाना बनाएगा। उनमें चाहे झंडा किसी भी देश का लगा हो। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने अल-खारज के पूरब में तीन ड्रोन को रोककर नष्ट करने का दावा किया है।

ईरान ने हिन्द महासागर में डुबोए गए अपने युद्धपोत पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अमेरिका ने समुद्र में ज़ुल्म किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ”अमेरिका ने ईरान के तटों से 2,000 मील दूर समुद्र में ज़ुल्म किया है। मेरे शब्द याद रखना, अमेरिका ने जो किया है, उसके लिए उसे बहुत पछतावा होगा।” जंग की तेज होती लपटों के बीच ट्रंप ने गुरुवार को सोशल मीडिया में नाटो महासचिव मार्क रूट को धन्यवाद दिया और एक रिपोर्ट शेयर की जिसमें रूट के हवाले से कहा गया कि अमेरिका के साथी देश ट्रंप के ईरान अभियान का बड़े पैमाने पर समर्थन करते हैं।

उल्लेखनीय है कि इस लड़ाई में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत हो चुकी है। यही नहीं महत्वपूर्ण सैन्य अधिकारी भी मारे जा चुके हैं। खामेनेई के दूसरे बेटे मोजतबा खामेनेई को उनका सबसे प्रबल उत्तराधिकारी और वारिस माना जा रहा है। 56 वर्षीय मोजतबा शिया धर्मगुरु हैं और पिछले कई वर्षों से ईरान की राजनीति और सुरक्षा मामलों में पर्दे के पीछे से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें ईरान की शक्तिशाली सेना इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का भारी समर्थन प्राप्त है। हालांकि पहले ऐसी खबर आ चुकी है कि मोजतबा को ईरान का नया सर्वोच्च नेता चुना गया है। हालांकि ईरान ने मीडिया में मोजतबा को चुने जाने की खबर का खंडन किया और कहा कि आधिकारिक घोषणा की सबको प्रतीक्षा करनी चाहिए।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button