
JHARKHAND:- 20 हजार रुपये में जमीन कारोबारी को मारने का हुआ था सौदा, 2 शूटर गिरफ्तार
रांची- 05 अप्रैल। राजधानी रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र स्थित साप्ताहिक बाजार में हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शूटरों में छोटन उर्फ सोनू और जुनैद खान शामिल है। इनके पास से एक देशी सिक्सर, एक देशी कट़टा, दो जिंदा गोली, दो खोखा, दो मोबाइल और घटना को अंजाम देने में प्रयोग किया गया एक स्कूटी बरामद किया गया है।
ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बीते चार अप्रैल को सुबह स्कूटी सवार दो अपराधियों ने जमीन कारोबारी पर गोली चलायी थी। हालांकि गोली मिस फायर होने की वजह से जमीन कारोबारी बल्कु बड़ाईक बाल-बाल बच गये थे। पुलिस ने जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच की और दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से दो हथियार बरामद किये।
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार शूटर ने बताया कि पुराने जमीन विवाद को लेकर गोली चलायी गयी थी। गिरफ्तार शूटर ने पुलिस को बताया कि राम बड़ाईक ने गोली चलवायी थी। गिरफ्त में आये शूटरों ने पुलिस के सामने कई खुलासा किया है। जुनैद और छोटन ने बताया कि बीस हज़ार रुपये देकर जमीन कारोबारी बल्कु बड़ाईक पर गोली चलवायी गयी थी। जमीन कारोबारी बल्कु बड़ाईक अपने इलाके में जमीन का कारोबार बड़े पैमाने कर रहा था। उसने जमीन के कारोबार में अपनी धमक बना ली थी। जमीन कारोबारी बल्कु बड़ाईक के बढ़ते कदम को रोकने के लिए गोली चलायी गयी।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि इस मामले में और कई लोगों के नाम सामने आये हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम में डीएसपी रजत मनिक बाखला, थाना प्रभारी मनीष कुमार गुप्ता, राजेश कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे।


