
JDU अध्यक्ष ललन सिंह ने लालू परिवार को बताया,नॉन रेजिडेंट बिहारी
पटना- 05 नवंबर। बिहार विधानसभा की दो सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आने के दूसरे दिन राजद सुप्रीमो लालू यादव के पूरे परिवार के दिल्ली चले जाने पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। ललन सिंह ने शुक्रवार को यहां कहा कि इसमें आश्चर्य की कोई बात नहीं है। यह तो होना ही था। लालू फैमिली नॉन रेजिडेंट बिहारी है।
उन्होंने कहा कि वे लोग बिहार में कब रहते हैं। बाढ़ आती है तो बिहार से चले जाते हैं। कोरोना महामारी के समय पर भी लालू परिवार दिल्ली में था। चुनाव आया तो प्रचार करने आ गए। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सराहना की है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरे बिहार की और लालू यादव अपने घर की चिंता करते हैं। ललन ने लालू की तुलना साइबेरियन पक्षी से की। जदयू नेता ने कहा कि जैसे ठंड में साइबेरियन पक्षी भारत आते हैं और ठंड के जाते ही वापस चले जाते हैं उसी तरह लालू परिवार है। लालू और तेजस्वी यादव को न तो बिहार से और न ही इसके विकास से प्यार है। उन्हें बिहार के लोगों से भी प्रेम नहीं है। उन्हें केवल सत्ता सुख चाहिए।



