विश्व

बहरीन में अल्बा के एल्युमिनियम प्लांट पर ईरान का हमला, दो कर्मचारी घायल

मनामा (बहरीन)- 29 मार्च। ईरान ने बहरीन के एक एल्युमिनियम प्लांट पर हमला किया है। हमले में प्लांट के दो कर्मचारी घायल हो गए हैं। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने ली है। यह औद्योगिक प्लांट बहरीन की प्रमुख एल्युमिनियम कंपनी एल्युमिनियम बहरीन (अल्बा) का है। औद्योगिक प्लांट पर हुए हमले ने क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है।

बहरीन न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, अल्बा ने रविवार को पुष्टि की कि उसके औद्योगिक संयंत्र को शनिवार को हुए हमले में निशाना बनाया गया। इस घटना में कंपनी के दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। अल्बा ने बयान में कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और घायल कर्मचारियों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई है। अल्बा ने कहा कि फिलहाल प्लांट को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही संचालन को सामान्य बनाए रखने के प्रयास जारी हैं।

इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। ईरानी सरकारी मीडिया आईआरआईबी के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों को निशाना बनाया। आईआरजीसी के बयान में कहा गया कि उसकी एयरोस्पेस और नौसेना बलों ने मिसाइल और ड्रोन के जरिए एक संयुक्त अभियान चलाया। इस अभियान में यूएई के अमीरात ग्लोबल एल्युमिनियम और बहरीन के एल्युमिनियम बहरीन (अल्बा) प्लांट को लक्षित किया गया।

आईआरजीस ने आरोप लगाया कि ये औद्योगिक इकाइयां अमेरिकी रक्षा और एयरोस्पेस उद्योग से जुड़ी हैं। ये संयंत्र अमेरिकी सैन्य उत्पादन को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देते हैं। ईरान ने कहा कि यह हमले उसके औद्योगिक ढांचे पर हुए कथित “अमेरिकी-इजराइल” हमलों के जवाब में किए गए हैं।

उधर, ईरान ने मध्य पूर्व में स्थित इजराइली और अमेरिकी विश्वविद्यालयों पर हमले करने की धमकी दी है। यमन के हूती विद्रोहियों ने ईरान के समर्थन में इजराइल पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। ईरान ने कहा है कि इजराइल और अमेरिका देश पर लगातार हमले कर रहे हैं। बुशेहर प्रांत और खुजेस्तान प्रांत में हुए हमले का हर हाल में बदला लिया जाएगा।

अल जजीरा चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजराइल के बुशेहर प्रांत में किए गए हमले में एक परिवार के चार सदस्य मारे गए। दोनों देशों ने खुजेस्तान प्रांत में एक जल सुविधा पर हमला किया। इसके जवाब में, तेहरान ने मध्य पूर्व में स्थित इजराइली और अमेरिकी विश्वविद्यालयों पर जवाबी हमला करने की धमकी दी है। इसके अलावा यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल पर मिसाइलों और ड्रोन से दूसरा हमला किया है।

अल जजीरा का दावा है कि इजराइल के तेल अवीव और अमेरिकी शहरों में प्रदर्शनकारी ईरान के खिलाफ युद्ध का विरोध करने के लिए रैलियां कर रहे हैं। वहीं, लेबनान में लोग इजराइल के हमले में तीन पत्रकारों को मारे जाने के विरोध में बेरूत की सड़कों पर उतर आए हैं। ईरान के जवाबी हमलों से इजराइल और खाड़ी क्षेत्र में जान-माल का नुकसान हुआ है।

ईरान के प्रेस टीवी ने कहा कि शनिवार को हमले में इजराइली रडार सेंटर और एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। यह हमला इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), ईरानी सेना और मध्य-पूर्व में तेहरान के सहयोगियों ने संयुक्त रूप से किया। ईरान ने दावा किया है कि हमले में आईआरजीसी ने एक अमेरिकी एमक्यू 9 ड्रोन को मार गिराया और एक एफ-16 लड़ाकू विमान को भी निशाना बनाया।

ईरानी सेना ने हाइफा बंदरगाह शहर में इजराइली सैन्य एयरोस्पेस कॉम्प्लेक्स में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और रडार सेंटर को निशाना बनाया। इस सेंटर को इजराइली रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी चलाती है;।साथ ही डेविड बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एक ईंधन भंडारण केंद्र को भी निशाना बनाया गया।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button